
बालोद में तेज रफ्तार का कहर: दल्ली राजहरा से आने वाले भारी वाहनों पर लगाम की मांग तेज, छाया विधायक चन्द्रभान साहू ने उठाई आवाज
बालोद।
जिले की सड़कों पर इन दिनों तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेषकर दल्ली राजहरा खदान क्षेत्र से निकलने वाले भारी वाहन और ट्रक बेलगाम गति से दौड़ते नजर आ रहे हैं, जिसके चलते रोज़ाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन हादसों में कई लोग घायल हो रहे हैं, वहीं कुछ परिवार अपनों को खोकर गहरे दुख में डूब रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खदान क्षेत्र से निकलते ही कई ट्रक चालक गति पर नियंत्रण खो देते हैं। ओवरस्पीड, लापरवाही से ओवरटेकिंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आम बात हो गई है। नतीजतन पैदल चलने वाले, बाइक सवार और अन्य वाहन चालक हर पल खतरे के साए में जीने को मजबूर हैं।
इस गंभीर समस्या को लेकर संजारी बालोद के छाया विधायक चन्द्रभान साहू ने प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने निवेदन करते हुए कहा कि इस पर जल्द से जल्द सख्त लगाम लगाई जाए, ताकि किसी के घर उजड़ने की नौबत न आए।
उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि “ऐसी व्यवस्था हो कि कोई बहन का मांग सूना न हो, कोई माँ की गोद सूनी न हो।”
छाया विधायक ने प्रशासन से मांग की है कि दल्ली राजहरा से आने वाले भारी वाहनों की नियमित जांच की जाए, गति सीमा निर्धारित कर उसका कड़ाई से पालन कराया जाए और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रमुख मार्गों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने, स्पीड ब्रेकर लगाने और सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की आवश्यकता भी जताई गई है।

यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस बढ़ते खतरे पर कब तक प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर पाता है।



