
गुरुर में 9 मई को सामाजिक सद्भाव बैठक का आयोजन
गुरुर । पूरे भारत राष्ट्र में सामाजिक समरसता एवं एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर आयोजित की जा रही सामाजिक सद्भाव बैठकों की श्रृंखला में खण्ड गुरुर में भी 9 मई को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चंडी मंदिर प्रांगण कंवर में “सामाजिक सद्भाव बैठक” आयोजित की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि भारत अपनी महान संस्कृति, परंपरा एवं विविधताओं के कारण विश्व में विशेष पहचान रखता है। देश की वास्तविक शक्ति उसकी सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सामूहिक प्रयासों में निहित है। राष्ट्र निर्माण, संरक्षण एवं विकास में समाज के सभी वर्गों और समुदायों का सदैव महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बैठक का उद्देश्य विभिन्न समाजों के प्रमुखों, वरिष्ठ नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच समन्वय, सहयोग और सामाजिक एकता को मजबूत करना है, ताकि सभी मिलकर राष्ट्रहित एवं समाज उत्थान के कार्यों को आगे बढ़ा सकें। आयोजन के माध्यम से यह विचार-विमर्श किया जाएगा कि समाज के विभिन्न वर्ग किस प्रकार आपसी सहयोग एवं समरसता के साथ “भारत माता” को परम वैभव तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में सामाजिक सद्भाव प्रांत प्रमुख कौशलेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहेंगे और उपस्थितजनों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम की अवधि लगभग दो घंटे निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम की तैयारियों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खण्ड गुरुर के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं तथा क्षेत्र के सामाजिक प्रमुखों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रण दिया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी समाज प्रमुखों एवं गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



