
पलारी में कांग्रेस की शक्ति प्रदर्शन रैली, यानेश साहू ने हजारों समर्थकों के साथ भरा नामांकन
जनसंपर्क के दौरान युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद, संगीता सिन्हा की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
गुरुर । नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस पार्टी की नामांकन रैली रविवार को शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गई। कांग्रेस के अधिकृत अध्यक्ष प्रत्याशी यानेश साहू एवं कांग्रेस पार्षद प्रत्याशियों ने नगर के विभिन्न वार्डों में व्यापक जनसंपर्क करते हुए युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद सैकड़ों वाहनों और हजारों समर्थकों के साथ भव्य रैली निकालकर नामांकन पत्र दाखिल किया गया।

नामांकन रैली में संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक एवं छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा विशेष रूप से शामिल हुईं। उनकी उपस्थिति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रैली के दौरान पूरे नगर में कांग्रेस के झंडे, बैनर और नारों से चुनावी माहौल पूरी तरह कांग्रेसमय नजर आया।
नामांकन दाखिल करने से पहले अध्यक्ष प्रत्याशी यानेश साहू एवं कांग्रेस पार्षद प्रत्याशियों ने भगवान शिव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा नगर की खुशहाली और चुनाव में विजय का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ विशाल रैली निकाली। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर कांग्रेस प्रत्याशियों का स्वागत किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान अध्यक्ष प्रत्याशी यानेश साहू ने घर-घर पहुंचकर नागरिकों से समर्थन मांगा। उन्होंने युवाओं से रोजगार एवं खेल सुविधाओं, महिलाओं से सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं तथा बुजुर्गों से आशीर्वाद लेते हुए नगर विकास के लिए कांग्रेस को अवसर देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत पलारी के विकास, साफ-सफाई, सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।
विधायक संगीता सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के विश्वास और विकास की राजनीति करती आई है। उन्होंने कहा कि पलारी नगर की जनता का उत्साह यह साबित करता है कि लोग विकास और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस के साथ खड़े हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर कांग्रेस की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
रैली और नामांकन कार्यक्रम में पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर साहू, महामंत्री शादिक अली, सुमीत राजपूत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ओंकार महमल्ला, जिला उपाध्यक्ष तामेश्वर साहू, बसंत सोइनबोर, पूरण साहू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गुराम सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि टोमन साहू, चोवाराम साहू, हेमशंकर साहू, दिनाराम चेलक, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदार देवांगन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोनू ठाकुर, ब्लॉक सचिव तुलेश सिन्हा, मनीष देवांगन, कुलदीप साहू, अंकुश देवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नगर वासी मौजूद रहे।



