
देवरानी-जेठानी पुल निर्माण में लापरवाही, हादसे का खतरा बढ़ा
गुरुर, बोहारडीह। क्षेत्र के बोहारडीह स्थित देवरानी-जेठानी पुल के नवनिर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार पुल के ऊपर बनाए गए ज्वाइंट में लगाए गए लोहे के गार्डर सड़क के स्तर से काफी ऊपर उभरे हुए हैं। इन गार्डरों की नुकीली और धारदार संरचना से गुजरने वाले वाहनों के टायर कटने और फटने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कारण दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर सकते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों के लिए यह स्थिति अधिक खतरनाक है, क्योंकि असंतुलन की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा पुल के ज्वाइंट और सड़क का स्तर भी समान नहीं है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है।
ग्रामीणों एवं राहगीरों ने संबंधित विभाग, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पुल के ज्वाइंट को समतल कर उचित डामरीकरण कराया जाए, ताकि सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।



