छत्तीसगढ़बालोद

झगड़ा शांत कराने पर बेटे ने माता-पिता पर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

झगड़ा शांत कराने पर बेटे ने माता-पिता पर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

गुरुर।बालोद थाना बालोद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमरूवा में एक गंभीर पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है, जहां झगड़ा शांत कराने से नाराज एक युवक ने अपने ही माता-पिता पर प्राणघातक हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गणेश देवांगन (62 वर्ष) निवासी ग्राम जमरूवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 04 मई 2026 को रात्रि लगभग 7 बजे वे अपनी पत्नी कुमारी बाई देवांगन के साथ घर में बैठे थे। उसी दौरान उनका पुत्र प्रमोद देवांगन घर में जबरन घुस आया और गाली-गलौच करते हुए पूजा कक्ष में रखी लोहे की छुरी निकालकर दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कुमारी बाई के सिर एवं दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं, वहीं गणेश देवांगन के दाहिने हाथ की उंगली में चोट लगी।
रिपोर्ट पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 214/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 331(6), 109 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस जांच में आरोपी ने बताया कि वह दिनांक 04 मई को एक शादी कार्यक्रम में गया था, जहां उसकी पत्नी के साथ विवाद हुआ। इस दौरान उसके पिता द्वारा विवाद शांत कराने पर वह नाराज हो गया और गुस्से में आकर घर लौटकर माता-पिता पर हमला कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी गौकरण भंडारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की छुरी जब्त कर ली है तथा प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 भी जोड़ी गई है। आरोपी प्रमोद देवांगन (32 वर्ष) निवासी ग्राम जमरूवा को दिनांक 05 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में सउनि गौकरण भंडारी, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, प्रधान आरक्षक दुर्योधन यादव, आरक्षक लक्ष्मण साहू, संजय सोनी, बनवाली साहू एवं नागेश साहू का सराहनीय योगदान रहा।

Advertisement

Related Articles

Back to top button