
खाद कटौती के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा से लगाई गुहार
मोखा सोसायटी में किसानों ने उठाई समस्या, पूर्व व्यवस्था के अनुसार खाद वितरण की मांग तेज
गुरुर । विकासखंड गुरुर अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, मोखा (पंजीयन क्रमांक 441) में खाद वितरण में कटौती को लेकर किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शासन की नई गाइडलाइन के तहत खाद की मात्रा कम किए जाने से किसानों को खेती कार्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को बड़ी संख्या में किसान मोखा सोसायटी पहुंचे और अपनी समस्याएं क्षेत्र के पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा के समक्ष रखीं। किसानों ने बताया कि इस वर्ष उन्हें पूर्व वर्षों की तुलना में कम मात्रा में खाद दिया जा रहा है, जिससे बोआई और फसल उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि वर्तमान समय खेती का महत्वपूर्ण दौर है और यदि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो उत्पादन में गिरावट आ सकती है। उन्होंने मांग की कि पहले की तरह ही पर्याप्त मात्रा में खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसान बिना किसी बाधा के खेती कार्य कर सकें।
पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शासन-प्रशासन तक प्रमुखता से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने समिति प्रबंधक एवं प्राधिकृत अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को खाद-बीज के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और पूर्व व्यवस्था के अनुसार ही आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान कांग्रेस नेता शादिक अली एवं सुमीत राजपूत भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए शीघ्र समाधान की आवश्यकता बताई।
किसानों ने प्रशासन से जल्द उचित कदम उठाने की मांग करते हुए उम्मीद जताई है कि उन्हें समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपनी खेती सुचारू रूप से कर सकें।



