
सुशासन तिहार शिविर में मिले 94 आवेदन, सभी का किया गया निराकरण
सामुदायिक भवन गुरुर में आयोजित शिविर में नागरिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान
गुरुर। नगर पंचायत गुरुर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों के निराकरण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक भवन गुरुर में संपन्न हुआ।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि सुशासन तिहार के पहले सात दिनों में कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका संबंधित विभागों द्वारा त्वरित निराकरण कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित शिविर में भी 47 आवेदन प्राप्त हुए। नगर पंचायत विभाग द्वारा पूर्व लंबित 15 आवेदनों का निराकरण किया गया, वहीं आज प्राप्त 17 आवेदनों सहित कुल 32 आवेदनों का तत्काल समाधान किया गया। इस प्रकार अब तक प्राप्त सभी 94 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप साहू ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान करना है। शासन की मंशा के अनुरूप नगर पंचायत प्रशासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निराकरण किया जा रहा है, जिससे लोगों में संतोष का वातावरण बना हुआ है।
शिविर में प्रमुख रूप से एसडीएम राजकुमार सोनकर, तहसीलदार हनुमंत श्याम, नगर पंचायत सीएमओ श्रीनिवास पटेल, गिरधर ठाकुर, मधु जगदल्ले, अनुसुईया धुर्वे, गितेश निषाद, जितेश्वरी निषाद, कमलेश ओझा, सोनू लोहले सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


