जिले में हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों का शुभारंभ “एक्के नंबर सबो बर – 112” से आपातकालीन सहायता व्यवस्था होगी और मजबूत
जिले में हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों का शुभारंभ
“एक्के नंबर सबो बर – 112” से आपातकालीन सहायता व्यवस्था होगी और मजबूत
गुरुर । बालोद पुलिस द्वारा जिले में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हाईटेक डायल-112 ईआरवी (Emergency Response Vehicle) वाहनों का शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर उनके निर्धारित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
इन हाईटेक वाहनों में आधुनिक संचार प्रणाली, GPS ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस नेटवर्क एवं त्वरित रिस्पांस सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से सड़क दुर्घटना, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, विवाद, चिकित्सा आपात स्थिति एवं अन्य आकस्मिक घटनाओं में कम समय में सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

डायल-112 योजना के तहत बालोद पुलिस द्वारा शहर क्षेत्रों में 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर रिस्पांस देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षित पुलिस टीम घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर नागरिकों को तत्काल सहायता एवं सुरक्षा प्रदान करेगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि “एक्के नंबर सबो बर – 112” व्यवस्था से आमजन को किसी भी आपात स्थिति में अलग-अलग नंबर याद रखने की आवश्यकता नहीं होगी। केवल 112 डायल कर पुलिस, चिकित्सा एवं अन्य आपात सेवाओं की सहायता प्राप्त की जा सकेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने कहा कि नागरिकों को सरल, सुलभ एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराना बालोद पुलिस की प्राथमिकता है। अब किसी भी समस्या या आपात स्थिति में केवल 112 डायल कर हर प्रकार की सहायता प्राप्त की जा सकेगी।
कार्यक्रम में अभिषेक अग्रवाल, चंद्रकांत कौशिक, मधुलिका तिवारी, बोनीफास एक्का, राजेश बागड़े, माया शर्मा, श्रुति सिंह, रेवती वर्मा, रविशंकर पाण्डेय, शिशुपाल सिन्हा एवं मुकेश सिंह सहित पुलिस स्टाफ, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें तथा सुरक्षित एवं जागरूक समाज निर्माण में सहभागी बनें।



