
करोड़ों की पानी टंकी बनी शोपीस, जल जीवन मिशन पर उठे सवाल
गुरुर ।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत बगदई में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पानी टंकी अब उपयोग के बजाय “शोपीस” बनकर रह गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना का क्रियान्वयन धीमी गति और लापरवाही के साथ किया गया, जिसके चलते आज भी लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बोरवेल का पानी सीधे टंकी में भरकर घर-घर सप्लाई तो किया जा रहा है, लेकिन टंकी की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर गंभीर खामियां सामने आई हैं। टंकी के ऊपर अब तक ढक्कन नहीं लगाया गया है, जिससे पानी की शुद्धता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही निर्माण के दौरान की गई सेंटरिंग भी आज तक नहीं हटाई गई है, जो निर्माण कार्य की लापरवाही को उजागर करती है।
यही नहीं, टंकी के नीचे समतलीकरण और रखरखाव के लिए भी कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। वर्तमान में टंकी के आसपास गड्ढे बने हुए हैं, जो दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जनपद सदस्य लता लक्ष्मी चंद साहू ने भी इस मुद्दे को सामान्य सभा में कई बार उठाया है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है। वहीं जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी जानकारी देने में भी टालमटोल कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और टंकी को पूरी तरह व्यवस्थित कर आम जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।


