
सुशासन तिहार की सफलता से कांग्रेस व्यथित : प्रदीप साहू
गुरुर। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप साहू ने प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ‘सुशासन तिहार’ को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस आयोजन की सफलता से कांग्रेस खेमे में बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने में जनता जिस उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में भाग ले रही है, वह सरकार के कार्यों पर जनता की मुहर है।
श्री साहू ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार द्वारा किए गए पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी कार्यों का रिपोर्ट कार्ड है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, किसानों को धान का बकाया बोनस और ‘रामलला के दर्शन’ जैसी योजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इन योजनाओं ने आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन जनहितकारी कार्यों के कारण कांग्रेस के “झूठ के पुलिंदे” ढह गए हैं। अब विपक्षी नेता कुंठा में आकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। श्री साहू ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग अपने कार्यकाल में प्रदेश को भ्रष्टाचार की ओर ले गए, वे आज ‘सुशासन’ शब्द से ही असहज महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में बदलते माहौल और जनता के बढ़ते विश्वास से कांग्रेस को अपना राजनीतिक अस्तित्व खतरे में नजर आने लगा है, यही कारण है कि वह इस सफल आयोजन को लेकर निराधार आरोप लगा रही है।


