छत्तीसगढ़बालोद

टूटी पानी टंकी से वार्डवासियों में नाराजगी, गंदगी मिश्रित पानी सप्लाई होने का खतरा

टूटी पानी टंकी से वार्डवासियों में नाराजगी, गंदगी मिश्रित पानी सप्लाई होने का खतरा

नगर पंचायत गुरुर को कई बार दी गई सूचना, नई सिंटेक्स टंकी लगाने की मांग तेज

Advertisement

गुरुर। नगर पंचायत गुरुर के वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 के मध्य स्थित पानी टंकी (सिंटेक्स) की जर्जर स्थिति को लेकर वार्डवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त पानी टंकी ऊपर से पूरी तरह टूट चुकी है तथा नल का ढक्कन भी लीकेज होने के कारण पानी लगातार रिस रहा है। टंकी के फटे होने से बाहरी गंदगी, धूल-मिट्टी एवं अन्य अशुद्धियां पानी के अंदर पहुंच रही हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
वार्डवासियों ने बताया कि पानी टंकी की नियमित साफ-सफाई भी नगर पंचायत द्वारा नहीं कराई जाती। स्थानीय निवासी गोविन्द राव द्वारा अब तक लगभग 10 से 12 बार स्वयं पहल कर सिंटेक्स टंकी की साफ-सफाई की गई है, ताकि वार्डवासियों को स्वच्छ पानी मिल सके। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की लापरवाही के कारण नागरिकों को स्वयं व्यवस्था संभालनी पड़ रही है।


स्थानीय रहवासियों ने बताया कि इस संबंध में नगर पंचायत गुरुर को कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वार्डवासियों की मांग है कि पुरानी एवं क्षतिग्रस्त सिंटेक्स टंकी को हटाकर तत्काल नई पानी टंकी लगाई जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और पानी की समस्या से राहत मिल सके।
इधर वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 सहित गुरुर नगर के कई क्षेत्रों में कुछ लोगों द्वारा मोटर पंप लगाकर सीधे पाइप लाइन से अपने घरों में पानी खींचने की शिकायत भी सामने आई है। वार्डवासियों का आरोप है कि इससे अन्य घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने, टूटी टंकी बदलने तथा अवैध मोटर पंप लगाने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button