छत्तीसगढ़राजनीति

तिल्दा-नेवरा में छत्तीसगढ़ शासन के ‘सुशासन तिहार’ का भव्य आयोजन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं मंत्री टंक राम वर्मा ने सुनी जनता की समस्याएं

तिल्दा-नेवरा में छत्तीसगढ़ शासन के ‘सुशासन तिहार’ का भव्य आयोजन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं मंत्री टंक राम वर्मा ने सुनी जनता की समस्याएं

निखिल वाधवा तिल्दा
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के बीएनबी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में सोमवार को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित “सुशासन तिहार” एवं जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शिविर का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Advertisement

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं मंत्री टंक राम वर्मा ने अधिकारियों से योजनाओं और शिकायतों के निराकरण की जानकारी ली। दोनों जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के बीच जाकर समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार” जैसे आयोजन शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करते हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश के विकास और आम जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो। मंत्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में राजस्व, नगर पालिका, पंचायत, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। यहां राशन कार्ड, पेंशन, नामांतरण, आवास, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए गए तथा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम आशुतोष देवांगन, तहसीलदार राम प्रसाद बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का संचालन करते नजर आए।

शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है और समस्याओं के समाधान में राहत मिल रही है। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और जनभागीदारी का माहौल देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button