छत्तीसगढ़

CG में भीषण सड़क हादसा: पुल से गिरी तेज रफ्तार कार, 4 युवकों की मौत, 2 गंभीर

CG में भीषण सड़क हादसा: पुल से गिरी तेज रफ्तार कार, 4 युवकों की मौत, 2 गंभीर

कवर्धा।
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गड़ाई के पास फोक नदी के पुल से तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार 6 में से 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 युवक गंभीर रूप से घायल हैं।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, सभी युवक रायपुर के बिरगांव के रहने वाले थे और पंडरिया में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। देर रात गड़ाई के पास फोक नदी पुल पर कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकालकर पहले जिला अस्पताल भेजा गया। हालत नाजुक होने पर दोनों घायलों को निजी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना में शामिल मृतक का नाम अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन बताया जा रहा है वहीं जुनैद रज़ा और आरज़ू खान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए पंडरिया स्वास्थ्य केंद्र भेज दिए गए हैं।

पुलिस की प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना सामने आई है। पांडातराई पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। एक साथ 4 युवकों की मौत से बिरगांव और पंडरिया क्षेत्र में मातम पसर गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button