
बालोद जिले के इस इलाके में भालू के जोड़े से दहशत, वन विभाग मौके पर पहुंचा
बालोद।
जिले के माइंस क्षेत्र में भालू का जोड़ा दिखने से हड़कंप मच गया है। घटना कैंप माइंस और झरन माइंस इलाके की है, जहां रविवार शाम को दो भालू घूमते नजर आए।
माइंस में लगे एक ट्रक चालक ने भालुओं को देखकर अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया। वीडियो में दोनों भालू माइंस क्षेत्र के आसपास घूमते दिख रहे हैं। चालक के मुताबिक भालू अचानक झाड़ियों से निकलकर सामने आ गए थे। वीडियो अब इलाके में तेजी से वायरल हो रहा है।
इलाके में दहशत का माहौल
भालुओं के दिखने की खबर फैलते ही माइंस में काम कर रहे मजदूरों और ट्रक चालकों में दहशत फैल गई। लोगों ने काम रोक दिया और सुरक्षित स्थानों पर चले गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के कारण पानी-भोजन की तलाश में जंगली जानवर आबादी की तरफ आ रहे हैं।
वन विभाग ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वन अमले ने इलाके का निरीक्षण कर भालुओं की तलाश शुरू कर दी है। विभाग ने माइंस प्रबंधन और मजदूरों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि भालू दिखने पर उसे छेड़ें नहीं, शोर न मचाएं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। टीम आसपास के जंगल में गश्त कर रही है और भालुओं को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


