
ऑपरेशन “मुस्कान” एवं “तलाश” के तहत बालोद पुलिस की बड़ी सफलता, 106 गुमशुदा व्यक्तियों को परिजनों से मिलायाबा
बालोद पुलिस ने गुमशुदा लोगों को उनके परिवारों से मिलाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” और “ऑपरेशन तलाश” के तहत जिले में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक कुल 106 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल ढूंढकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन और डीएसपी श्रीमती माया शर्मा के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गुमशुदा बालक, बालिकाओं, महिलाओं और पुरुषों की जल्द से जल्द पतासाजी करना था।

एक महीने के इस अभियान में बालोद पुलिस ने 1 बालक, 7 बालिकाएं, 69 महिलाएं और 29 पुरुष, कुल 106 लोगों को दस्तयाब किया। सभी को विधिवत प्रक्रिया पूरी कर उनके परिवार वालों को सौंप दिया गया। परिजनों में खुशी की लहर है और कई परिवारों ने पुलिस का आभार जताया।
गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए जिले के सभी थाना और चौकी स्तर पर विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, साइबर इनपुट और मुखबिर तंत्र का प्रभावी इस्तेमाल किया। इस कार्यवाही में सभी थाना प्रभारी, थाना स्टाफ, साइबर सेल, डीसीबी शाखा और बालक विरुद्ध अपराध अन्वेषण शाखा बालोद का अहम योगदान रहा।
जिला पुलिस बालोद ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के गुम होने की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कण्ट्रोल रूम को सूचना दें। समय पर मिली सूचना से पुलिस त्वरित कार्यवाही कर सकेगी और किसी को अपनों से बिछड़ने से बचाया जा सकेगा।



