छत्तीसगढ़

गुरुर नगर पंचायत में प्याऊ व्यवस्था पर उठे सवाल, पूर्व अध्यक्ष महिमा साहू ने लगाए आरोप

गुरुर नगर पंचायत में प्याऊ व्यवस्था पर उठे सवाल, पूर्व अध्यक्ष महिमा साहू ने लगाए आरोप

गुरुर। भीषण गर्मी के बीच नगर पंचायत गुरुर द्वारा वार्डों में खोले गए प्याऊ केंद्रों की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। वार्ड क्रमांक 5 में लगाए गए प्याऊ में पानी नहीं होने का आरोप लगाते हुए पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष महिमा साहू ने नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
महिमा साहू ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा प्याऊ तो खोल दिया गया, लेकिन वहां रखी मटकी केवल दिखावे के लिए है। लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजाना यही स्थिति बनी रहती है और गर्मी में राहगीरों एवं आम नागरिकों को राहत नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि “सिर्फ प्याऊ का उद्घाटन कर फोटो खिंचवाकर समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने से काम नहीं चलेगा, बल्कि वहां नियमित रूप से पानी भरवाने और व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।”
पूर्व अध्यक्ष द्वारा इस संबंध में सोशल मीडिया ग्रुप में भी अपनी नाराजगी साझा की गई है। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासन से तत्काल ध्यान देकर प्याऊ केंद्रों में नियमित पानी उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि लोगों को भीषण गर्मी में राहत मिल सके।

Advertisement

Related Articles

Back to top button