Uncategorized

जनसहयोग से ग्रामीणों ने बनाया मार्ग, भूमि दान और सहयोग से पूरा हुआ कार्य

जनसहयोग से ग्रामीणों ने बनाया मार्ग, भूमि दान और सहयोग से पूरा हुआ कार्य

गुरुर। ब्लॉक के ग्राम पंचायत दुपचेरा में गुनियारी से शीतला पहुंच मार्ग एवं गार्ग हसरा पेंचमार्ग का निर्माण कार्य जनसहयोग से पूर्ण किया गया। इस कार्य में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए निजी भूमि दान, श्रमदान तथा आर्थिक सहयोग प्रदान किया, जिससे वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकी।
ग्रामीणों ने बताया कि शीतला मंदिर तक पहुंचने के लिए उचित मार्ग नहीं होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। इसे देखते हुए गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से मार्ग निर्माण का निर्णय लिया और सामूहिक प्रयासों से कार्य को पूरा किया।
मार्ग निर्माण के लिए ग्राम के कई लोगों ने अपनी निजी भूमि दान की। इनमें प्रमुख रूप से भुवन दातना, स्वर्गीय निलांबर साहू, देवी राम, समोधी राम, कैलाश राम एवं डेरहा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ग्रामीणों ने इनके सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि भूमि दान के बिना यह कार्य संभव नहीं हो पाता।
निर्माण कार्य में सामग्री एवं आर्थिक सहयोग भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुआ। परमानंद साहू ने बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 1 लाख रुपये का सहयोग दिया। होरा साहू द्वारा 5 हाईवा गिट्टी तथा सहदेव नेताम द्वारा 5 टिप्पर गिट्टी उपलब्ध कराया गया। उपसरपंच ललित कुमार रायपरीहा ने 20 बोरी सीमेंट का सहयोग दिया, वहीं दानेश्वरी साहू ने 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
इस जनसहयोग अभियान में ग्रामीण अध्यक्ष मनसुख पंचागय, ग्राम विकास समिति के उपाध्यक्ष केवल साहू, कोषाध्यक्ष चिंता राम साहू, सचिव रमेश गंजीर सहित ग्राम पंचायत के पंचों एवं ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। ग्राम के पांचों वार्डों के ग्रामीणों ने श्रमदान कर मार्ग निर्माण कार्य को सफल बनाया।
ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग बनने से शीतला मंदिर आने-जाने में सुविधा होगी तथा गांव के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। जनसहयोग से हुए इस कार्य को ग्रामीणों ने गांव की एकता और सामूहिक भागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

Advertisement

Back to top button