
संगीता सिन्हा बनीं छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
गुरुर।
संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और नए प्रदेश अध्यक्ष की अंतिम घोषणा तक प्रभावी रहेगी। उनकी नियुक्ति से पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा द्वारा जारी कार्यालय आदेश में श्रीमती सिन्हा को संगठन को मजबूती प्रदान करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश में विश्वास व्यक्त किया गया है कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस को नई ऊर्जा, दिशा और मजबूती मिलेगी तथा संगठन और अधिक सक्रिय होकर कार्य करेगा।
श्रीमती संगीता सिन्हा की नियुक्ति के बाद उनके गृह क्षेत्र गुरुर सहित विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि संगीता सिन्हा लंबे समय से सक्रिय राजनीति में रहकर जनसेवा कर रही हैं। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ संगठनात्मक मजबूती के लिए भी निरंतर कार्य किया है। उनकी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और जनसंपर्क की पकड़ के कारण ही उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ज्ञात हो कि पार्टी द्वारा महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह नियुक्ति एक अहम कदम माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि श्रीमती सिन्हा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस प्रदेश स्तर पर और अधिक सशक्त होकर उभरेगी तथा आगामी चुनावों में भी पार्टी को मजबूती प्रदान करेगी।



