
परसुली चोरी कांड का खुलासा : तीन आरोपी गिरफ्तार, 6 लाख से अधिक के जेवरात व नगदी बरामद
गुरुर । थाना देवरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसुली में हुए चोरी के मामले में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूने मकान में घुसकर दरवाजा का कुंदा तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 650 ग्राम चांदी के जेवरात, 27.600 ग्राम सोने के गहने तथा 34,209 रुपये नगद सहित कुल 6 लाख 2 हजार 709 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री अभिषेक शाडिल्य के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी बालोद श्री बोनीफांस एक्का के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी देवरी उप निरीक्षक मनीष शेण्डे के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी कमलेश कुमार केशरिया, निवासी ग्राम परसुली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल 2026 की शाम वह अपने परिवार एवं रिश्तेदारों के साथ अर्जुनी डोंगरगांव में आयोजित सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गया था। घर में ताला लगाकर जाने के बाद जब देर रात वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर आलमारी का लॉकर खुला हुआ था तथा उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 2 लाख 1 हजार रुपये बताई गई थी।l

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना के दिन गांव के ही तीन युवक प्रार्थी के घर के आसपास घूमते देखे गए थे। संदेह के आधार पर भीखम लाल सिन्हा, रामेश्वर उर्फ झम्मन सोनकर तथा जितेश उर्फ जीतु सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए जेवरात एवं रकम को खरखरा नंदी के पास स्थित श्मशान घाट में गड्ढा खोदकर छिपाया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके से सोने का रानी हार, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, करधन, बिछिया एवं नगदी रकम बरामद कर जप्त की।
गिरफ्तार आरोपियों में भीखम लाल सिन्हा (28 वर्ष), रामेश्वर उर्फ झम्मन सोनकर (20 वर्ष) तथा जितेश उर्फ जीतु सोनकर (19 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ग्राम परसुली थाना देवरी जिला बालोद के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष शेण्डे, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद गजबिहे, आरक्षक दिलीप बर्मन, संतोष खुटेल, अवतार महिलांगे सहित साइबर सेल बालोद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।


