
करहीभदर जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों को मिली सौगातें
19 ग्राम पंचायतों के 5275 आवेदनों का मौके पर निराकरण, हितग्राहियों ने की सुशासन तिहार की सराहना
गुरुर। विधायक संगीता सिन्हा की उपस्थिति में बालोद विकासखंड के ग्राम करहीभदर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों एवं हितग्राहियों के लिए सौगातों से भरा रहा। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभान्वित किया गया।
शासकीय कन्या हाई स्कूल मैदान करहीभदर में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास पूर्णता प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, नया राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन स्वीकृति आदेश, दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र एवं बैटरी चलित ट्रायसायकल तथा मत्स्य पालन योजना के तहत जाल एवं आईस बॉक्स वितरित किए गए।
शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल बोर्ड भी लगाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। वहीं नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट देकर गोदभराई की रस्म पूरी की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई।
शिविर में कुल 5402 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5275 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग को 325, खाद्य विभाग को 713, श्रम विभाग को 421, विद्युत विभाग को 161 तथा राजस्व विभाग को 136 आवेदन प्राप्त हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने प्रशासन द्वारा शिविर में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, जनपद उपाध्यक्ष दिनेश सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य पूजा साहू, जनपद सदस्य लोकेश डड़सेना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि इस शिविर में अमोरा, मुजगहन, जामगांव, करहीभदर, कन्नेवाड़ा, पर्रेगुड़ा, सांकरा, जमरुआ, मटिया, मुल्लेगुड़ा, मालगांव, नर्रा, बरही, चिरईगोड़ी, जगतरा, परसोदा, देवारभाट, लिमोरा एवं झलमला सहित 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए।


