
“नीर चेतना अभियान 2026” के तहत पेंडरवानी में जल संरक्षण जागरूकता रैली, 475 लोगों ने बनाई मानव श्रृंखला
दीपक देवदास की रिपोर्ट
गुरुर।….बालोद जिले के गुरूर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पेंडरवानी में “नीर चेतना अभियान 2026” के तहत जल बचाओ, जीवन बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई।
कार्यक्रम का आयोजन माननीय कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें जल संरक्षण की महत्ता को समझाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मानव श्रृंखला के माध्यम से “जल बचाओ, जीवन बचाओ” का संदेश देते हुए लोगों को पानी के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान भारत माता के नक्शे और JSJB 2.0 की आकृति बनाकर कुल 475 लोगों ने सहभागिता निभाई। उपस्थित सभी लोगों ने एकजुट होकर जल संरक्षण का संदेश प्रसारित किया और भविष्य के लिए जल बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को अपने घरों में सोकपिट एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वर्षा जल का संचयन कर जल संकट से बचा जा सके।
इस आयोजन में जनपद सीईओ उमेश रात्रे, अति. सीईओ आर.एल. सिरमौर, अति. सीईओ एन.के. बागड़े, अधिकारी योगेश देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, सरपंच, तकनीकी सहायक, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



