छत्तीसगढ़बालोद

गुरूर जनपद पंचायत में सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन

गुरूर जनपद पंचायत में सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन
गुरूर । सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत विकासखंड गुरूर जनपद पंचायत में 15 अप्रैल से 10 जून 2026 तक विभिन्न स्थानों पर जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह आयोजन कलेक्टर कार्यालय बालोद के निर्देशानुसार किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविरों का आयोजन निर्धारित तिथियों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। 7 मई को अरकार, 14 मई को अर्जुनी, 28 मई को हितेकसा तथा 3 जून को फागुन्दाह के स्कूल मैदान में शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में संबंधित क्षेत्रों की अनेक ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है, जहां ग्रामीण अपनी समस्याएं जैसे राशन, पेयजल, बिजली, सड़क, कृषि, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। मौके पर ही अधिकारियों द्वारा समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
शिविरों के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें उप संचालक कृषि आशीष चन्द्राकर, जिला खाद्य अधिकारी टी.आर. ठाकुर, कृषि उपज मंडी सचिव संजीव वाहिले एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता सागर वर्मा शामिल हैं। इनके साथ सहायक नोडल अधिकारियों के रूप में जनपद पंचायत गुरूर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमेश रात्रे सहित अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिवों तथा ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में शिविरों में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।

Related Articles

Back to top button